कुल पेज दृश्य

indians लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
indians लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 20 अप्रैल 2023

हे मालिक

टिकटों की कालाबाज़ारी हे मालिक
अद्भुत तेरी सेवादारी हे मालिक

जन सेवक का चोला ओढ़े बैठे हो
अंदर से इतनी मक्कारी हे मालिक

हे मालिक ये कैसी तेरी माया है
फॉर्च्यूनर पर अटकी गाड़ी हे मालिक

सेवा करने आये थे जो नेतागण
मर्सडीज़ की करें सवारी हे मालिक

काम तुम्हारा देख के हैरत है हमको
गुंडे-लुच्चे रखते यारी हे मालिक

बाप बनाये शीश महल अपने खूँ से
बेटा बन बैठा व्यापारी हे मालिक

हाथ में गजरा- दारू लेकर बैठे हैं
अय्याशी की लगी बीमारी हे मालिक

मुँह में नोट दबाये ठुमका मार रहे
आपस में ही मारा-मारी हे मालिक

मज़दूर किसानों के वो सारे वादे
'चखना' भर की हिस्सेदारी हे मालिक

हर इक झंडा ढोने वाला क्यों न रोये
दल की ऐसी दुर्गति भारी हे मालिक

      ~ अश्विनी यादव

Note:- अदम गोंडवी साहब जी को पढ़ने के बाद प्रेरणा लेते हुए ये कविता। इसे किसी भी पार्टी से जोड़कर देखने वाले आहत न हों, ये मेरी लिखी जा रही एक किताब में से एक अंश है, जो कविता के रूप में है।

शनिवार, 14 अगस्त 2021

तिरंगा और हम भारतीय लोग

"तू जहाँ भी दिखे, सलामत ही दिखे,,🇮🇳

वतन को परिवार और वतन वालों को महबूब मानकर आगे बढ़िए सब आसान दिखने लगेगा।
हाँ तो इन तस्वीरों पर आते हैं जो कि नीचे पोस्ट किया हूँ। फरवरी में घर से लाइब्रेरी जा रहा था तभी देखा कि सड़क किनारे बिजली विभाग के इलेक्ट्रिकल बॉक्स में ये फँसा था।

        शायद किसी ने उठाकर उसमें खोंस दिया था।पहले तो मैं पार्टी का झंडा समझ आगे बढ़ने वाला था लेकिन मेरा मन मेरे ऊपर हावी हो गया कि ये तिरंगा ही है जाकर देखना चाहिए।सच कहूँ तो शॉक लगने का भी डर होता है उस जगह पर फिर भी मन हावी होने पर सब आसानी हो जाती है।
गया देखा तो ये इस हाल में मिला मुझे, अब धूल मिट्टी झाड़कर इसे अपने बैग में डाल लिया मैंने, तब से लेकर अभी तक बस यूँ ही सम्हाल रखा हूँ।🇮🇳


ये कतार में झंडियों के तौर पर लगाये गए किसी फंक्शन में से था। आप सबसे निवेदन है कि तिरंगा उतना ही ख़रीदें जितने की हिफ़ाज़त आप 12 महीने कर सकें। इधर उधर न फेकें।
प्लास्टिक के तिरंगे को भी आप तभी ख़रीदें जब आप झंडा रोहण के प्रोग्राम के बाद अपने घर पर वापस लाकर रख सकें।

यदि आपको किसी जगह पर क्षतिग्रस्त अवस्था में कोई झंडा मिलता है तो इसे एकांत में ले जाकर ज़मीन में दफ़्न कर दें, कभी भी जलाना नहीं चाहिए। कभी भी अनादर मत कीजिये, ये तिरंगा ही हमारी शान है और भारतीयता हमारी पहचान है।


         Love you india, love you Azaadi🇮🇳
                         जय हिंद🙏

 
                    ~  अश्विनी यादव